संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। प्रदेश सरकार द्वारा सर्वे संतु निरामया की भावना से कार्य करते हुए चिरायु हरियाणा योजना के तहत लाभपात्रों की वार्षिक आय एक लाख 80 हजार रुपये से बढ़ाकर 3 लाख रुपये किया गया है। इन परिवारों को मामूली अंशदान पर आयुष्मान भारत चिरायु योजना का लाभ मिल रहा है। योजना के तहत पात्र परिवारों को 5 लाख रुपये तक प्रतिवर्ष निशुल्क इलाज की सुविधा दी जाती है।
उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा सभी के स्वास्थ्य का ख्याल रखते हुए ज्यादा से ज्यादा गरीब व्यक्तियों को इस योजना का लाभ दिया जा रहा है। योजना के तहत 319 प्रकार के ऑप्रेशन, टैस्ट और दांतों की जांच के अलावा 500 से अधिक दवाइयां निशुल्क प्रदान की जा रही है। योजना के तहत पात्र परिवार सभी सरकारी अस्पतालों के अलावा हरियाणा सरकार के पैनल पर सभी अस्पतालों से कैशलैस इलाज की सुविधा प्राप्त कर सकते है। सरकार द्वारा प्रदेश के गरीब लोगों तक स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इससे पंक्ति में खड़े अंतिम गरीब व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंच रही है तथा लोगों का सरकार के प्रति विश्वास भी प्रबल हो रहा है।