वार्ड दो में किराये पर रह रहा तीन बहनों का इकलौता भाई तीन दिन पहले लापता हो गया। इसकी शिकायत बच्चे की मां सविता ने सोमवार को पुलिस को दी है। पुलिस ने बच्चे की तलाश में दिल्ली तक सीसीटीवी फुटेज खंगाली हैं, लेकिन अभी तक बच्चे का सुराग नहीं मिला है। झारखंड निवासी सविता ने बताया कि वह दिहाड़ी मजदूरी करती है। उसका बेटा रौनक (12) सुबह छह बजे घर से खेलने के लिए निकला था और वह देर रात तक भी वापस नहीं आया। ऐसे में उसे आशंका है कि उसके बेटे का किसी ने अपहरण कर लिया है। वह अपने आसपास व पूरे कस्बे में बच्चे की तलाश कर चुकी है। लेकिन कहीं सुराग नहीं लगा है। इस बारे में सांपला थाने के एसएचओ राजबीर का कहना है कि दिल्ली तक बच्चे की तलाश की गई है। रास्ते में सीसीटीवी कैमरे भी जांचे गए हैं, किसी भी फुटेज में वह दिखाई नहीं दिया है।