माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। शहर के सनसिटी रोड पर रविवार सुबह कार ने बाइक सवार कमल काॅलोनी निवासी 64 वर्षीय राजेंद्र सिंह दहिया को टक्कर मार दी। गंभीर हालत में परिजनों ने उसे पीजीआई में दाखिल कराया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे दीपक दहिया का कहना है कि उसके पिता की मौत हत्या भी हो सकती है। पुलिस हर दृष्टिकोण से मामले की जांच करे। फिलहाल अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने लापरवाही से ड्राइविंग का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक कमल काॅलोनी निवासी दीपक दहिया ने दी शिकायत में बताया कि उसके पिता सेना से रिटायर होने के बाद एचईएसएल के माध्यम से बिजली निगम में फील्ड ऑफिसर के तौर पर नौकरी करते थे। 2019 में बिजली बोर्ड की नौकरी छोड़ दी। अब घर ही रहते थे। रविवार सुबह करीब नौ बजे उसके पिता बाइक पर सनसिटी जा रहे थे। उसे पता चला कि जब उसके पिता सनसिटी रोड पर पहुंचे तो सेक्टर 3-4 प्वाइंट पर पहुंचे तो कार ने बाइक को टक्कर मार दी है। टक्कर में उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको पीजीआई ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
पिता की मौत हत्या भी हो सकती है, जांच करे पुलिस
दीपक ने बताया कि उनका विवाद भी चल रहा था। उसे शक है कि उसके पिता की मौत हत्या भी हो सकती है। किसी ने जानबूझकर सड़क हादसा करवा दिया हो। पुलिस दोनों दृष्टिकोण से मामले की जांच करे।
पुलिस ने कार चालक के खिलाफ लापरवाही से ड्राइविंग का मामला दर्ज कर जांच पड़ताल तेज कर दी है। अगर हत्या के तथ्य सामने आए तो नई धारा जोड़ दी जाएगी। प्रलाहद सिंह, प्रभारी थाना अर्बन एस्टेट