साल्हावास। लोकसभा चुनावों में शराब की तस्करी करने वालों पर कार्रवाई करते हुए झज्जर पुलिस ने एक व्यक्ति को गाड़ी में अवैध शराब भरकर ले जाते हुए काबू करने में सफलता हासिल की। पुलिस चौकी झाड़ली प्रभारी सहायक उप निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने झाड़ली फाटक के नजदीक वाहन जांच के दौरान एक गाड़ी झाडली मार्केट की तरफ से आती दिखाई दी, इसे रुकने का इशारा किया तो चालक गाड़ी से उतरकर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस टीम ने मौके पर ही उसे काबू कर गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें देशी शराब की 75 पेटियां बरामद हुई। इसमें देशी शराब के पव्वे भरे हुए थे। पकड़े गए आरोपी की पहचान कर्मवीर निवासी बबैल जिला पानीपत के तौर पर की गई। आरोपी के खिलाफ थाना साल्हावास में आपराधिक मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।