रोहतक। अधिकारी बीमित किसानों को फसल का बीमा दिलवाए। उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। यह बात लघु सचिवालय के सभागार में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की जिलास्तरीय निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता के दौरान उपायुक्त ने कही।
उपायुक्त अजय कुमार ने कृषि एवं किसान कल्याण विभाग तथा फसल बीमा कंपनी के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वह आपसी तालमेल को बढ़ाकर प्रभावित किसानों को यथाशीघ्र फसल का मुआवजा उपलब्ध करवाएं। समिति की बैठक में विभिन्न 8 एजेंडे शामिल किये गए थे। कहा कि बैंकों के अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि ऋणी किसानों की फसल का बीमा करते समय सही आंकड़े दर्ज करें ताकि किसान को बाद में असुविधा न हो। फसल बीमा कंपनी के अधिकारी भी बैंकों द्वारा दर्ज किये गए आंकड़ों की निर्धारित अवधि में जांच करें। यदि कोई त्रुटी मिलती है तो उसे तुरंत ठीक करें।
इस अवसर पर एसडीएम राकेश सैनी, नगर निगम आयुक्त विजय सिंह मलिक, सीटीएम मुकुंद तंवर, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी जितेंद्र शर्मा, कलानौर तहसीलदार राजेश कुमार, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी डॉ. जितेंद्र मलिक, कृषि उपनिदेशक डॉ. महाबीर सिंह, जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक वरिन्द्र सिंह, उपजिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार व रेनू खत्री, एलडीएम अमित खत्री, जिला उद्यान अधिकारी डॉ. कमल सैनी, बीमा कंपनी के प्रतिनिधि राजेश कुमार आदि मौजूद रहे।
खेल सुविधाओं के रख-रखाव का प्रबंध करें अधिकारी
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वह खेल स्टेडियम तथा खिलाड़ियों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं के रख-रखाव के लिए सभी प्रबंध करें। खेल विभाग के अधिकारियों को जिले में स्थित खेल स्टेडियम, मिनी खेल स्टेडियम तथा खेल नर्सरियों में उपलब्ध सुविधाओं तथा स्टेडियम इत्यादि के रख-रखाव बारे दिशा-निर्देश दिये।