बहादुरगढ़। नागरिक अस्पताल बहादुरगढ़ में कार्यरत नर्सिंग ऑफिसर ने मंगलवार को काले बिल्ले लगाकर काम करते हुए सांकेतिक तौर पर अपना विरोध जताया। बुधवार को भी वे प्रस्तावित इसी तरह से प्रदर्शन करेंगी और अगर फिर भी सरकार ने उनकी मांगों को नहीं माना तो 25 जुलाई को सुबह 9 बजे से लेकर 11 बजे तक 2 घंटे की हड़ताल पर भी रहेंगी। नर्सिंग ऑफिसर वेलफेयर एसोसिएशन की राज्य उप प्रधान सुदेश मलिक ने बताया पूर्व में वे कई बार अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा चुके हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों को लेकर सरकार ने कोई उचित कदम नहीं उठाए हैं। जिसके कारण नर्सिंग ऑफिसर आंदोलन करने पर मजबूर हैं। सुदेश मलिक ने बताया कि उनकी सरकार से मांग है कि केन्द्र के समान नर्सिंग अलाउंस उन्हें 7200 रुपए दिया जाए।