रोहतक। अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति व जाट सेवा संघ की बैठक शनिवार को छोटूराम धाम जसिया में हुई, जिसमें देश-प्रदेश के सभी पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में सर्वसम्मति से एनआरआई दीपक फौगाट को छोटूराम धाम का ब्रांड एंबेसडर घोषित किया गया। वे कनाडा में रहते हैं और छोटूराम धाम की योजनाओं का प्रचार प्रसार कर रहे हैं। दीपक फौगाट का छोटूराम धाम पहुंचने पर संस्था के चेयरमैन रणधीर सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रताप सिंह दहिया, प्रदेशाध्यक्ष गंगाराम श्योराम ने स्वागत किया।
बैठक के दौरान चेयरमैन रणधीर सिंह ने कहा कि छोटूराम धाम के निर्माण से गांव देहात के आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों का फायदा होगा। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रताप सिंह दहिया ने कहा कि छोटूराम धाम पूरी दुनिया भर के जाटों की आस्था और उन्नति का केंद्र होगा। उन्होंने सरकार से जाट समाज के लिए ओबीसी में आरक्षण और आंदोलन में दर्ज केसों की वापसी, एसबीसी वर्ग में चयनित युवाओं के लिए शर्त के आधार पर नौकरी की मांग रखी। दीपक फौगाट ने कहा कि छोटूराम धाम युवाओं और समाज के लिए शानदार परियोजना है। इसके निर्माण से समाज का चहुंमुखी विकास होगा, यह संस्था भविष्य में मील का पत्थर साबित होगी।
राष्ट्रीय महासचिव और प्रभारी हरियाणा आजाद लठवाल ने सभी को एकजुट होकर कार्य करने पर बल दिया और 36 बिरादरी को साथ लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। छोटूराम धाम के दानदाताओं ने लगभग 40 लाख रुपये छोटूराम धाम के लिए दान दिए । बैठक के दौरान डोर टू डोर चलाए जा रहे जनजागरण कार्यक्रम की समीक्षा की गई। सभी ने एकजुट होकर संस्था के निर्माण का संकल्प लिया।
इस मौके पर सोनीपत के जिलाध्यक्ष हरज्ञान मलिक, प्रदेश महासचिव सुरेंद्र मलिक, झज्जर के जिलाध्यक्ष सत्यप्रकाश गुलिया, मा. जगबीर, संपूर्ण, जिलाध्यक्ष प्रीत सिंह बालंद, जींद से रामकरण दलाल, हिसार से बलवान सुंडा, करनाल से नफेसिंह मान, गुरुग्राम से जिला अध्यक्ष प्रेम किशन, जयपाल धनखड़ सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।