जींद। बरसाती मौसम में जगह-जगह हुए जलभराव के कारणों का पता लगाने के लिए नगर परिषद कर्मचारियों ने शहर में सफाई अभियान चलाया। इसमें नगर परिषद को कई जगह नाले ब्लॉक मिले। इनको खोलने के लिए नगर परिषद की टीमें दो दिन से लगी हुई हैं। अब नालों में कहीं भी गंदगी नहीं मिलेगी। इसके अलावा नगर परिषद ने कई जगह जाम हुए सीवर को भी खोला। इससे दूषित पानी की निकासी की समस्या नहीं रहेगी।
नगर परिषद ने शहर में सफाई के लिए तीन टीमों को दो दिन से शहर में उतारा हुआ। अब बारिश हुए कई दिन हो गए, इसलिए सफाई में आसानी रहेगी। नगर परिषद की टीमों ने पटियाला चौक, रेलवे रोड, भिवानी रोड, अपोलो रोड, अर्बन इस्टेट, सेक्टर-10 एवं 11 में दो दिन से सफाई अभियान चलाया हुआ है। नगर परिषद कर्मचारियों को कई स्थानों पर नाले बिल्कुल बंद मिले। इन नालों के ब्लॉक होने के कारण इनमें गंदा पानी भरा रहता था। इससे शहर के लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब नगर परिषद ने शहर में सफाई अभियान चलाया है ताकि लोगों को परेशानी से निजात दिलाई जा सके।
कई स्थानों पर सीवरेज के मैनहोल भी मिले ब्लॉक
नगर परिषद अधिकारियों को सीवरेज के मैनहोल ब्लॉक होने के कारण शहर में कई स्थानों पर पानी खड़ा होने के कारण लोगों के ताने झेलने पड़ रहे थे। हालांकि सीवरेज का कार्य जनस्वास्थ्य विभाग का है लेकिन नगर परिषद को इससे परेशानी उठानी पड़ रही थी। शुक्रवार व शनिवार को नगर परिषद कर्मचारियों ने सीवरेज के मेनहॉल भी खोले, जिससे गंदे पानी की रुकी हुई निकासी शुरू हो पाई।
वार्ड 26 में करवाई गई फॉगिंग
नगर परिषद ने वार्ड नंबर 26 में शनिवार को लोगों को मच्छरों से बचाने के लिए फॉगिंग करवाई गई। इसमें सबसे ज्यादा परेशानी वाल्मीकि बस्ती में थी। लोगों ने वार्ड नंबर 26 की वाल्मीकि बस्ती में फॉगिंग करवाने की मांग की थी। इस पर नगर परिषद ने पूरे वार्ड 26 में शनिवार को फॉगिंग की।
पूरे शहर को किया जाएगा स्वच्छ
नगर परिषद के मुख्य सफाई निरीक्षक मोहन भारद्वाज ने बताया पूरे शहर में सफाई अभियान चलाया जा रहा है। विशेषकर नालों की सफाई की जा रही है। इसके अलावा डेंगू से बचाव के लिए फॉगिंग भी करवाई जा रही है। शनिवार को फॉगिंग के लिए दवाई खत्म हो गई, सोमवार को फिर से फॉङ्क्षगग करवाई जाएगी।
नगर परिषद की आम बैठक में सफाई का विशेष मुद्दा उठा था। इसके लिए अभियान चलाया गया है। पूरे शहर में सफाई अभियान चलाया जा रहा है। नालों की सफाई, सड़कों की सफाई, पार्कों की सफाई के अलावा फॉगिंग भी करवाई जा रही है। जल्द ही अन्य पास किए गए प्रस्तावों पर भी कार्य शुरू किए जाएंगे।
-डॉ. अनुराधा सैनी, चेयरपर्सन नगर परिषद।