बाजारों में अतिक्रमण, अवैध होर्डिंग्स, बैनर व पोस्टर, बेतरतीब खड़े वाहनों को पार्किंग में खड़ा कराने के लिए ट्रैफिक पुलिस से सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर (टीआई) नगर निगम से जुड़ गए हैं। उन्होंने भू-अधिकारी से शुक्रवार को बाजारों के प्रधानों, पार्किंग व निगम अधिनियम के बारे में जानकारी जुटाई। उन्होंने कहा कि फिलहाल प्रमुख बाजारों में लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या पर पूरा फोकस होगा। शहर के प्रमुख बाजार किला रोड, रेलवे रोड, भिवानी रोड, कच्चा बेरी रोड से पुराना बस स्टैंड, डी-पार्क एरिया में जाम की समस्या है। भू-अधिकारी सुरेंद्र गोयल के अनुसार बाजारों में अस्थायी अतिक्रमण और फिर वाहनों के बेतरतीब खड़े होने से जाम की समस्या बनी रहती है। दुकानदार होर्डिंग अलग से खड़े कर देते हैं। बाजारों में आने वाले ग्राहकों की सुविधा के लिए पार्किंग बनवाई गई है फिर भी बाजारों में वाहन लेकर जाते हैं। इस समस्या का निदान करने के लिए ट्रैफिक पुलिस से सेवानिवृत्त सरदार गुरदेव सिंह को निगम से जोड़ा गया है, जो बाजारों का जायजा लेने के बाद कार्रवाई शुरू करेंगे। सरदार गुरदेव सिंह ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस में 30 साल का अनुभव है। एएसआई, एसआई व इंस्पेक्टर पद पर रोहतक में तैनात रहे हैं। पूरा फोकस बाजारों से जाम की समस्या का निदान करने पर है। पहले प्रमुख बाजार किला रोड, रेलवे रोड, भिवानी रोड, कच्चा बेरी रोड से पुराना बस स्टैंड की व्यवस्था सुधारी जाएगी फिर अन्य जगह की।