रोहतक। दिल्ली से रोहतक आ रहे युवक ने बस में सीट न मिलने पर भिवानी डिपो की बस के परिचालक को अपने साथियों को बुलाकर डंडों से पीट दिया। किसी यात्री ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। अर्बन एस्टेट थाने में युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में भिवानी के नया बाजार निवासी हेमानंद शर्मा ने बताया कि वह हरियाणा रोडवेज के भिवानी डिपो में बस परिचालक है। शनिवार को बस दिल्ली से भिवानी जा रही थी। पीरागढ़ी चौक से कुछ सवारियां बस में चढ़ीं। भीड़ ज्यादा होने के कारण एक युवक को सीट नहीं मिल सकी। इस बात को लेकर युवक भड़क गया। साथ ही उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। जब बस रोहतक बस स्टैंड से पहले रेलवे लाइन के पास पहुंची तो युवक ने अपने दो साथियों को बुला लिया। नकाबपोश युवक डंडे लेकर बस में चढ़ आए। तीनों ने मिलकर डंडे से उसके साथ मारपीट की। किसी तरह सवारियों ने बीचबचाव करवाया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने व मारपीट करने का केस दर्ज कर लिया।