रोहतक। लोकसभा आम चुनाव 2024 के छठे चरण के मतदान के लिए गजट अधिसूचना सोमवार को जारी कर दी गई है। इसके साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। नामांकन पत्र दाखिल करने के प्रथम दिन रोहतक लोकसभा क्षेत्र से किसी भी उम्मीदवार की ओर से नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया गया है। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 मई 2024 निर्धारित की गई है।
उपायुक्त व जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि 5 मई रविवार को राजपत्रित अवकाश होने से नामांकन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। नामांकन पत्र निर्धारित तिथि को सुबह 11 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक ही स्वीकार किए जाएंगे।
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से नामांकन पत्र दाखिल करते समय कुछ हिदायतें जारी की गई है। इसमें रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय के 100 मीटर की परिधि में केवल 3 वाहनों को अनुमति होगी और उम्मीदवार के साथ नामांकन पत्र दाखिल करते समय केवल 4 व्यक्तियों को अंदर प्रवेश की अनुमति होगी।
अजय कुमार ने बताया कि आयोग की ओर से ऑनलाइन नामांकन के लिए सुविधा एप विकसित की गई है।