रोहतक नगर निगम अपना नया कार्यालय जाट कालेज के नजदीक एग्रो मॉल में खोल सकता है, इसके लिए निगम मार्केट कमेटी से मॉल को लीज पर ले सकता है या खरीद सकता है। गुरुवार को मेयर मनमोहन गोयल के आवास पर पार्षदों की बैठक में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के सामने यह प्रस्ताव आया। अब हाउस में प्रस्ताव पास करके पार्षद सरकार को भेजेंगे। बैठक में विकास कार्यों व महिला पार्षद डिंपल जैन के साथ जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी द्वारा किया गया व्यवहार भी चर्चा का विषय रहा।
आंबेडकर चौक पर नगर निगम का कार्यालय है, लेकिन जगह की कमी के चलते निगम की एलओ ब्रांच व सीपीओ ब्रांच के अलावा सफाई शाखा मानसरोव पार्क के पास चल रही हैं। निगम पार्षद कार्यालय को एक जगह बनाने की मांग कर चुके हैं। कभी अशोका चौक से आगे पुराने सेशन कोर्ट की जगह तो कभी सोनीपत स्टैंड पर निगम की खाली जगह की चर्चा होती है।
कभी बोहर के पास तो कभी सुनारिया गांव के पास खाली जमीन में निगम का कार्यालय बनाने की मांग की जाती है। मेयर के आवास पर पार्षदों ने कार्यालय को लेकर सीएम के सामने कार्यालय को लेकर समस्या रखी। सीएम ने कहा कि उन्होंने एग्रो मॉल देखा है। वहां पर जगह भी काफी है। अगर निगम प्रस्ताव पास करके भेजे तो मॉल के अंदर निगम का नया कार्यालय बन सकता है। निगम चाहे तो मॉल को लीज पर ले सकता है या खरीद भी सकता है। प्रदेश सरकार इसमें सहायता करेगी।
यह भी पढ़ें : Haryana: गणित भी अब फिजिक्स का शिक्षक पढ़ाएगा... सीएम बोले- हम पढ़ते थे तब ऐसा ही होता था
नियमों के दायरे में 45 करोड़ देगी सरकार विकास के लिए
निगम पार्षदों ने मुख्यमंत्री के सामने शहर की टूटी सड़कों व ठप पड़े विकास कार्यों का मुद्दा रखा। बताया कि निगम की सालाना आया 90 करोड़ से 1 अरब के बीच में है, जबकि खर्च ड़ेढ़ अरब तक है। आय व व्यय में तालमेल बनाने के लिए निगम को 45 से 50 करोड़ रुपये सरकार से चाहिए। सीएम ने कहा कि स्थानीय निकाय को पैसे देने के लिए सरकार ने एक नीति बना रखी है। उसी के हिसाब से निकाय की जनसंख्या के हिसाब से बजट दिया जाता है। गणना करके अनुमान लगाया गया कि 45 करोड़ रुपये ही सरकार दे पाएगी।
यह भी पढ़ें : Haryana: सीएम ने पंचों का भत्ता खुद इस्तेमाल करने पर ग्राम सचिव को सस्पेंड करने का दिया आदेश
सीएम बोले, अधिकारी भी सिस्टम का हिस्सा, जांच कराएंगे
मुख्यमंत्री के सामने निगम पार्षदों ने लिखित में जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बताया कि कैसे एसडीओ ने महिला पार्षद डिंपल जैन से अभद्र व्यवहार किया। इस पर सीएम ने कहा कि अधिकारी व कर्मचारी भी सिस्टम का हिस्सा होते हैं। आपस में तालमेल रखना चाहिए। अगर किसी ने गलत किया है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
बैठक पूरी होने से पहले आ गए तीन पार्षद
मुख्यमंत्री के साथ मेयर के आवास पर हुई बैठक में सांसद डॉक्टर अरविंद शर्मा, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय बंसल के अलावा मेयर मनमोहन गोयल, सीनियर डिप्टी मेयर राजकमल सहगल, डिप्टी मेयर अनिल कुमार के अलावा महिला पार्षद कंचन खुराना के पति अशोक खुराना, कृष्ण सहरावत, सुमन सैनी के पति सुरेश सैनी, गीता मैडम के पति, मुक्ता नागपाल के पति दीपू नागपाल, महिला पार्षद पूनम के पति सूरजमल किलोई, पार्षद पप्पन गुलिया व अन्य भी मौजूद रहे। पार्षद राधेश्याम ढल, सुनील उर्फ सोनू व मनोनीत पार्षद राजेश सैनी बैठक पूरी होने से पहले मेयर के आवास से आ गए।
सीएम ने पार्षदों को सुझाव दिया था कि निगम हाउस चाहे तो एग्रो मॉल में कार्यालय बना सकता है। इसके लिए मॉल को मार्केट कमेटी से लीज पर ले सकता है या खरीद सकता है। सरकार इसमें सहायता करेगी। अब हाउस में प्रस्ताव पास करके सरकार को भेजा जाएगा।
-अनिल कुमार, डिप्टी मेयर नगर निगम