रोहतक। सरकार द्वारा नागरिक संसाधन सूचना विभाग के माध्यम से नागरिकों की सुविधा के लिए परिवार पहचान पत्र में ऑनलाइन पोर्टल https://meraparivar.haryana.gov.in पर सिटीजन लॉगिन का एक नया मॉड्यूल जनहित में लाइव किया गया है। नागरिक स्वयं अपने आधार कार्ड संख्या अथवा फैमिली आईडी के माध्यम से परिवार पहचान पत्र की सत्यापित जानकारी को देख सकते हैं और त्रुटि होने पर सुधार के लिए आवेदन भी कर सकते हैं।
एडीसी वैशाली सिंह ने कहा कि इस मॉड्यूल द्वारा नागरिक परिवार पहचान पत्र में विभिन्न क्षेत्रों जैसे- जन्मतिथि, बैंक खाता, जाति, दिव्यांग, आय, व्यवसाय इत्यादि के सत्यापन की जानकारी देख सकते हैं। इसके अलावा परिवार पहचान पत्र में दर्ज यदि किसी जानकारी में बदलाव वांछित हेतु सुधार को दर्ज किया गया है तो उसे नए मॉडल में करेक्शन मॉडयूल स्टेटस के जरिए स्टेटस जांच सकते हैं। प्रदेश सरकार द्वारा वृद्धावस्था पेंशन प्रोएक्टिव मोड के जरिए बनाई जा रही है, जिसके लिए नागरिक का पहचान पत्र में आय, जन्मतिथि एवं बैंक खाता का सत्यापित होना अनिवार्य है। जिले के सभी नागरिक अपने बैंक खाते को आधार नंबर से अनिवार्य रूप से लिंक करवाएं। नागरिक ऑनलाइन पोर्टल द्वारा उचित दस्तावेज अपलोड करते हुए जन्मतिथि का सत्यापन करवा सकते हैं। बैंक खाता के सत्यापन हेतु सरल पोर्टल https://saralharyana.gov.in के माध्यम से वेरिफिकेशन ऑफ बैंक अकाउंट डिटेल्स इन परिवार पहचान पत्र द्वारा आवेदन कर सकते हैं।