साल्हावास। खानपुर खुर्द गांव स्थित कृष्ण अखाड़ा की पहलवान नेहा सांगवान ने वर्ल्ड कैडेट चैंपियनशिप के फाइनल मैच में जापानी महिला पहलवान त्सुत्सुई को हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया है। 24 अगस्त को हुए मुकाबले में नेहा ने 10-0 से हराकर देश का नाम रोशन किया। जाॅर्डन में जीतकर लौटने पर कृष्ण व्यायामशाला में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। अखाड़ा संचालक कृष्ण पहलवान और कोच सज्जन मंदौला ने बताया कि नेहा सांगवान चरखी दादरी जिले के गांव बलाली की बेटी है और पिछले पांच साल से कृष्ण अखाड़ा खानपुर खुर्द में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है। जॉडर्न शहर के अम्मान में हुई अंतरराष्ट्रीय स्तर की कुश्ती प्रतियोगिता में 57 किलोभार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व किया और स्वर्ण पदक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इससे व्यायामशाला में खुशी की लहर है। नेहा दादा करतार सिंह, पिता अमित कुमार, दादी धनपति और मां मुन्नी को ही अपना प्रेरणास्रोत मानती हैं। सम्मान समारोह में अपूर्वा एनर्जी पावर प्लांट के राजीव राव, मनबर भंडारी, बनीता, सरपंच कृष्ण खानपुर खुर्द, ब्लाक समिति सदस्य अमित गहलावत ने उज्जवल भविष्य की कामना की।