सांपला। मंडी में 13 दिन बाद किसानों की सरसों की खरीद शुरू हो गई है। हैफेड ने किसानों की करीब 150 क्विंटल सरसों की सरकारी रेट पर खरीद की। पहले मौसम खराब होने की वजह से फसल की कटाई व कढ़ाई का काम बाधित हो गया था। पिछले दो-तीन दिन से किसान मौसम खुलते ही दिन-रात अपनी फसल कटाई और कढ़ाई में जुटे हुए हैं। गुरुवार को भी दोपहर बाद फिर आसमान में काले बादल छा गए। इसकी वजह से किसानों की चिंता और बढ़ गई है। गुरुवार को 10:00 बजे बाद मंडी में किसानों की करीब 150 क्विंटल सरसों की आवक हुई, जिसे नमी और गुणवत्ता जांच के बाद हैफेड की टीम ने सरकारी खरीद की। बताया कि 18 मार्च से ही सरसों की मंडी में खरीद शुरू की गई थी, लेकिन मौसम की वजह से फसल की कढ़ाई नहीं हो पाई थी। अब फिर मौसम गड़बड़ा गया है, जिसकी वजह से आवक फिर बंद हो सकती है। मार्केट कमेटी सचिव दीपक कुमार ने बताया कि हैफेड द्वारा खरीद रूटीन में की जाएगी। इसके लिए सभी तैयारियां की गई हैं। गुरुवार को दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और शाम 5:00 बजे बारिश शुरू हो गई, जिससे सरसों की कढ़ाई का काम भी बंद हो गया। किसानों ने दिनभर सरसों कढ़ाई मे जुटे रहे, लेकिन शाम 4:00 बजे तेज हवा के साथ आसमान में काले बादल छा गए। 5:00 बजे बूंदाबांदी शुरू हो गई। किसानों को अपनी फसल कढ़ाई का काम बंद करना पड़ा। सरकार एक अप्रैल से मंडियों में गेहूं की सरकारी खरीद शुरू करने जा रही है, लेकिन सांपला मंडी में 10 अप्रैल के आसपास गेंहू पहुंचने की उम्मीद है। किसानों का कहना है कि हाल में अप्रैल के पहले सप्ताह में अगेती गेहूं की फसल पककर तैयार हो जाएगी और कटाई का काम भी शुरू कर दिया जाएगा।