रोहतक। कारोर गांव के एक निजी स्कूल में संगीत अध्यापक ने छात्रों को नोटबुक बनाने की बात कही तो दो छात्रों ने पीछे से सुएं व पंच से हमला कर घायल कर दिया। स्कूल स्टाफ की मदद से अध्यापक को अस्पताल भिजवाया गया। जहां पर घायल का इलाज चल रहा है। घायल अध्यापक ने खरावड़ चौकी में शिकायत दी है लेकिन खबर लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं हुआ था।
गांव अटायल निवासी संदीप ने दी शिकायत में बताया कि वह कारोर गांव के एक निजी स्कूल में संगीत अध्यापक है। सोमवार को दिन के समय कक्षा में बच्चों को पढ़ाते वक्त नोटबुक तैयार करने की बात कही। लेकिन उन्होंने नोटबुक बनाने से मना कर दिया। छात्रों को समझाया भी गया लेकिन वह नहीं मान रहे थे। उसी समय क्लास में मौजूद विनय व जतिन ने पीछे से पकड़ लिया और हाथ में लिए सुएं व पंच से हमला कर दिया। जिससे बुरी तरह से घायल होकर क्लास में ही बेहोश हो गया। दोनों छात्रों ने किसी बात की रंजिश रखते हुए हमला किया है। पुलिस को लिखित में शिकायत दे दी गई है। लेकिन खबर लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं हुआ था।