डेयरी संचालकों को नोटिस देते हुए निगम टीम। विज्ञप्ति
रोहतक। निगम क्षेत्र में चल रही डेयरियों को लेकर नगर निगम सख्त रूख अपनाए हुए है। इसी कड़ी में निगम टीम ने डेयरी संचालकों को पशुओं का गोबर सीवर व नाले में न बहाने और डेयरी में गढ्डा खोदकर गोबर एकत्रित करने को लेकर नोटिस थमाए। साथ ही चेतावनी दी कि अगर गोबर को नालों व सीवर में बहाया तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम के संयुक्त आयुक्त महेश कुमार ने बताया कि नगर निगम टीम की तरफ से निगम क्षेत्र में डेयरी संचालकों को पशुओं का गोबर सीवर व नाले में न बहाने व अपनी डेयरी में ही गड्ढा बनाने के लिए नोटिस दिया गया है। इसके बाद भी अगर डेयरी संचालक गोबर के निपटान का प्रतिदिन उचित प्रबंध नहीं करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए डेयरी को सील किया जाएगा। इसके साथ ही नगर निगम की पशु पकड़ टीम ने शहर में अभियान चलाते हुए 30 बेसहारा पशुओं को भिवानी चुंगी क्षेत्र से पकड़कर नगर निगम की पहरावर गोशाला में छोड़ा। पशु पकड़ टीम की तरफ से चार राउंड में बेसहारा पशुओं को पकड़ा गया।