MSME will enhance the skills of MDU students
- फोटो : RohtakCity
एमडीयू व भारत के सूक्ष्म लघु मध्यम उद्योग (एमएसएमई) प्रौद्योगिकी केंद्र के बीच शुक्रवार को विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के औद्योगिक प्रशिक्षण, कौशल अभिवृद्धि, उद्यमिता कौशल विकास, नवोन्मेष अनुकूलन के लिए करार पत्र (एमओयू यानी मेमोरेंडम ऑफ अंडर स्टैंडिंग) पर हस्ताक्षर हुए। एमडीयू कुलपति प्रो. राजबीर सिंह की उपस्थिति में कुलसचिव प्रो. गुलशन लाल तनेजा व एमएसएमई सेंटर के उप-महाप्रबंधक अश्विनी कांत ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने कहा कि यह एमओयू एक नई शुरुआत है। इससे विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को रोजगार-योग्य बनाने का रास्ता प्रशस्त होगा। एमडीयू के विद्यार्थी एमएसएमई प्रौद्योगिकी केंद्र से आधुनिक मशीनों पर प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने तकनीकी कौशल में अभिवृद्धि करेंगे। इनसे उद्योग जगत में रोजगार प्राप्त करने व आत्म निर्भर भारत मिशन के तहत स्व-रोजगार के लिए तैयार होंगे। नई शिक्षा नीति 2020 में स्किलिंग (कौशल विकास) पर विशेष जोर दिया गया है। एमएसएमई प्रौद्योगिकी केंद्र से विद्यार्थी क्षमता संवर्धन से लाभान्वित होंगे। विद्यार्थियों की इंटर्नशिप का भी प्रावधान इस एमओयू के तहत होगा। एमएसएमई केंद्र के उप-महाप्रबंधक अश्विनी कांत ने कहा कि उद्योग जगत की नवीनतम जरूरतों के दृष्टिगत औद्योगिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। मेकैनिकल इंजीनियरिंग, मैकाट्रानिक्स की आधुनिकतम प्रशिक्षण की व्यवस्था एमएसएमई प्रौद्योगिक केंद्र में की जाएगी। एमएसएमई के वरिष्ठ प्रबंधक प्रशिक्षण नरेश कुमार जैन ने एमओयू के तहत प्रशिक्षण व कौशल विकास के विविध आयामों पर प्रकाश डाला। इससे पूर्व, निदेशक, करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ प्रो. सुमित गिल ने एमओयू के प्रावधानों को साझा किया। उन्होंने कहा कि इस एमओयू के पहले चरण में यूआईईटी के विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। कार्यक्रम में शैक्षणिक मामलों के अधिष्ठाता प्रो. एके राजन, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. राजकुमार व कुलसचिव प्रो. गुलशन लाल तनेजा ने अपने विचार रखे। कुलपति कार्यालय के कांफ्रेंस कक्ष में आयोजित इस एमओयू हस्ताक्षर समारोह में डीन, कॉलेज डेवलपमेंट काउंसिल प्रो. युद्धवीर सिंह, निदेशक यूआईईटी प्रो. राहुल ऋषि, समन्वयक सीसीपीसी डॉ. जगदीप सिंगला, यूआईईटी टीपीओ अरुण हुड्डा, डॉ. नीरू राठी, डॉ. सौरभकांत, निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी, उप कुलसचिव शैक्षणिक शाखा एमएल बतरा, पंकज नैन उपस्थित रहे।