रोहतक। भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक ने एमएसएमई चैंबर ऑफ कॉमर्स ऑटोमोटिव्स रोहतक के सहयोग से एक होटल में संयुक्त चर्चा की। समृद्धि की ओर शीर्षक से हुए सम्मेलन में एलपीएस बोसार्ड के प्रबंध निदेशक राजेश जैन मुख्य अतिथि रहे। सिडबी गुरुग्राम के क्षेत्रीय प्रबंधक मणि लाल चौधरी ने भी शिरकत की।
एलपीएस बोसार्ड समूह के एमडी ने कहा कि रोहतक के उद्योगपति प्रगतिशील हैं। ये आने वाले समय में देश व प्रदेश की उन्नति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। भारत के उज्ज्वल भविष्य और उद्योगपतियों द्वारा निभाई जाने वाली भूमिका के बारे में चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि सिडबी जैसी एमएसएमई केंद्रित संस्थाएं अपने नए दृष्टिकोण के साथ आने वाले समय नए आयाम स्थापित करेंगी। सिडबी गुरुग्राम के क्षेत्रीय प्रबंधक ने एमएसएमई के वित्तपोषण के अलावा सिडबी के विभिन्न हस्तक्षेप पर प्रकाश डालते हुए इसका महत्व समझाया। रोहताक समूह से राजेंद्र बंसल, सतीश बंसल, मनीष बंसल, विनोद जैन, राज मल्होत्रा, अशोक चौधरी, विजय हरजाई, बालकिशन सैनी समेत 56 उद्योगपतियों के अलावा एलडीएम रोहतक व डीआईसी एमएसएमई रोहतक के प्रतिनिधि भी शामिल रहे। सिडबी के अधिकारियों ने एक्सप्रेसए 4ईए सफल, ग्रीन फाइनेंस, स्पीड जैसी प्रमुख योजनाओं के बारे में जानकारी दी। सिडबी से वित्त प्राप्त करने के लाभों व सिडबी के साथ अपने जुड़ाव के बारे में भी अवगत कराया गया। सहायक महाप्रबंधक जितेंद्र जैन कहा कि सिडबी भविष्य में भी इस तरह के आयोजन करता रहेगा।