रोहतक। कैलाश कॉलोनी स्थित कैलाश पति शिव मंदिर का दानपात्र तोड़कर चोर 35 हजार के करीब की नकदी निकाल कर ले गए। दानपात्र दो साल बाद जन्माष्टमी पर खोला जाना था। एक संदिग्ध युवक मंदिर के बाहर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। इस संबंध में सिविल लाइन थाने में केस दर्ज किया गया है।
मंदिर के पुजारी कृष्ण मुरारी ने दी शिकायत में बताया कि कैलाश कॉलोनी में 2008 से शिव मंदिर में सेवा करता है। 10 अगस्त की सुबह करीब साढ़े पांच बजे वह मंदिर में पहुंचा तो ताला टूटा मिला। अंदर दानपात्र को राॅड से तोड़ा हुआ था, जिसमें दो साल से ज्यादा समय का पैसा जमा था। दो साल पहले जब दानपात्र खोला था, उस समय 35 हजार रुपये मिले थे। ऐसे में संभावना है कि अब 35 हजार से ज्यादा की राशि चोर चुराकर गए हैं।
बैग लेकर जाता दिखा युवक
मंदिर के प्रधान नफेसिंह कौशिक ने बताया कि हर साल जन्माष्टमी के बाद आने वाली नवमी पर भंडारा लगाया जाता है। भंडारे से पहले दानपात्र खोला जाता है। पिछले साल दानपात्र खोलने की जरूरत नहीं पड़ी। अब खोलने की तैयारी थी, लेकिन उससे पहले ही मंदिर में चोरी हो गई।