रोहतक। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुरुक्षेत्र की धरती से 14 सितंबर को चुनावी रण का शंखनाद करेंगे। रैली की भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। रविवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में चुनाव प्रबंधन समिति के सह संयोजक संजय भाटिया ने यह जानकारी दी।
संजय भाटिया ने बताया कि प्रधानमंत्री की रैली से ही प्रदेश में केंद्रीय नेताओं की चुनावी रैलियों की शुरुआत हो जाएगी। कुरुक्षेत्र की अपनी पहली चुनावी रैली से प्रधानमंत्री जीटी रोड बेल्ट को साधेंगे। इसके बाद प्रदेश के दूसरे हिस्सों में रैलियां होंगी, इनका शेड्यूल तैयार किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, राजस्थान सीएम भजनलाल के अलावा अन्य केंद्रीय नेताओं की भी प्रदेश में चुनावी जनसभाएं होंगी।