जाट आरक्षण आंदोलन से जुड़ने के लिए अब महज एक मिस्ड कॉल करने की जरूरत है।
अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति ने इसके लिए टोल फ्री नंबर भी जारी कर दिया है।
आधुनिकता से लबरेज यह अभियान युवाओं को खूब लुभा रहा है। यही कारण है कि एक सप्ताह में करीब 20 हजार लोग इससे जुड़ चुके हैं।
संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक ने बताया कि आंदोलन में युवाओं को जोड़ने के लिए यह कैंपेन शुरू किया गया है।
समिति ने टोल फ्री नंबर 180030023455 जारी किया है। देश का कोई भी व्यक्ति मिस्ड कॉल देकर इससे जुड़ सकता है। मिस्ड कॉल के साथ ही वापस फोन पर मैसेज जाएगा और इसके बाद मिस्ड कॉल करने वाले व्यक्ति को अपना पता लिखकर एसएमएस करना होगा। 14 जून से शुरू हुए टोल फ्री नंबर पर पहले ही सप्ताह में बीस हजार से अधिक लोगों की कॉल आ चुकी है। समिति की ओर से व्हाट्स एप और फेसबुक आदि सोशल नेटवर्किंग साइटों पर भी जाट आरक्षण से जुड़ने के मुहिम शुरू कर दी गई है।