झज्जर। भदानी गांव स्थित शिव भट्टे पर प्रवासी मजदूर ने पेड़ पर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी रामनिवास (36) के रूप में हुई है। मृतक करीब 4 महीने पहले अपने परिवार के साथ ईंट-भट्ठे पर काम करने के लिए आया था। उसके 4 बेटे और एक बेटी है। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि रामनिवास ने पेड़ पर फांसी लगाई थी। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि रामनिवास शराब पीने का आदी था। पुलिस ने मृतक के बेटे सचिन के बयान पर इत्फाकिया कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमॉर्टम कराकर उनके हवाले कर दिया है। पुलिस जांच में जुटी है।