कॉलेजों में चल रही दाखिला प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। इसी कड़ी में बुधवार को पंडित नेकीराम शर्मा, राजकीय महिला महाविद्यालय व अन्य कॉलेजों की ओपन काउंसिलिंग आयोजित की गई। रिक्त सीटों के लिए हुई इस काउंसिलिंग में दाखिले को लेकर कड़ा मुकाबला दिखा। नेकीराम कॉलेज में बीए अंग्रेजी की मेरिट सूची 98.8 प्रतिशित तक पहुंची। यही नहीं, अन्य विषयों में भी मेरिट 90 से ऊपर रही। कुछ विषयों में मेरिट सूची 80 प्रतिशत रही। इससे नीचे मेरिट सूची नहीं गई।
बुधवार को विद्यार्थी अपने पंसदीदा कॉलेज में प्रवेश के लिए एक और बार प्रयास करने के लिए पहुंचे। इसके तहत कॉलेज की रिक्त सीटों पर ओपन काउंसिलिंग हुई। इसके लिए विद्यार्थी सुबह नौ बजे से पहले ही महाविद्यालय परिसर में पहुंचना शुरू हो गए। दोपहर 12 बजे तक विद्यार्थियों की हाजिरी लगाने के बाद कॉलेजों ने मेरिट सूची जारी की। यह सूची 90 प्रतिशत से ऊपर रही। बीएससी मेडिकल के लिए मेरिट सूची 96 प्रतिशत, बीएससी नोन मेडिकल में 94.6 प्रतिशत, बीएससी केमेस्ट्री में 92.8 प्रतिशत, बीएससी फिजिक्स में 96.8 प्रतिशत तक पहुंची। बीए अंग्रेजी के लिए 98.8 प्रतिशत, बीसीए कोर्स में मेरिट 97.2 प्रतिशत, राजनीतिक विज्ञान में 95.8 प्रतिशत, गणित में 92.2 प्रतिशत, भूगोल ऑनर्स में 92.4 प्रतिशत, बीए साइकोलॉजी में 88.4 प्रतिशत रही। सूची नाम दर्ज कराने वाले विद्यार्थियों के तुरंत दस्तावेज जांचे गए। यह काम देर शाम तक जारी रहा। इसके लिए कॉलेज के शिक्षकों की टीम घंटों जुटी रही। इसके बाद विद्यार्थियों को रात 12 बजे तक फीस जमा कराने का समय दिया गया। फीस जमा कराने वाले विद्यार्थी को ही रिक्त सीट पर प्रवेश दिया जाएगा।
कॉलेज में ओपन काउंसिलिंग आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह से भाग लिया। सीमित सीटों पर अधिक आवेदनों के चलते काउंसिलिंग में मेरिट हाई रही। यह कुछ विषयों में 98 प्रतिशत तो कुछ में 80 प्रतिशत तक रही। कॉलेज में रात 12 बजे तक फीस जमा कराने वाले विद्यार्थी को प्रवेश मिलेगा। इसके बाद रिक्त सीटों के लिए एक और काउंसिलिंग की जाएगी।
डॉ. दिनेश सहारन, प्राचार्य, पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय महाविद्यालय।