पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से मिलने पहुंचे पेंशन बहाली संघर्ष समिति के सदस्य। विज्?
रोहतक। पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग को लेकर पेंशन बहाली संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने नेता प्रतिपक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से उनके निवास स्थान पर मुलाकात की। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा से विधानसभा में पुरानी पेंशन बहाल करने का मुद्दा उठाने की मांग की। साथ ही सरकार को चेतावनी दी कि अगर बजट सेशन तक पुरानी पेंशन बहाल नहीं की तो 26 फरवरी को सीएम आवास का घेराव किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल पीबीएसएस प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण देशवाल, जिला प्रधान अनिल स्वामी, हसला राज्य प्रधान सतपाल सिंधु, विवि शिक्षक संघ राज्य प्रधान डॉ. विकास सिवाच ने बताया कि राज्य के सरकारी विभागों, विश्वविद्यालयों, बोर्ड व निगमों में कार्यरत लगभग दो लाख कर्मचारी के लिये पुरानी पेंशन बहाल होना जरूरी है। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने बताया कि एनपीएस व्यवस्था सुरक्षित पेंशन योजना न होकर एक छलावा मात्र है। इस अवसर पर पेंशन बहाली संघर्ष समिति जिला कार्यकारिणी सदस्य प्रदीप पंघाल, राममेहर, रविंद्र यादव, प्रेम काजल, रोशनलाल लाखनमाजरा, महेश वर्मा महम, योगेश शर्मा, अजय कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।