भिवाड़ी। पुलिस ने अजमेर शरीफ दरगाह पर दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय टटलू गिरोह का पर्दाफाश किया है। थानाधिकारी जैरोली हनुमान प्रसाद की टीम ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी दोस्ती कर खुदाई में सोना मिलने का झांसा देकर पीतल की ईंटें बेचते थे। पुलिस ने आरोपियों से सात लाख रुपये नकद, बोलेरो और स्विफ्ट कार तथा पीतल की चार ईंटें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों में इदरीश उर्फ इद्दी, मुबीन, शरीफ, मुबीन, इलियास, सलीम, अरमान, असपाक, साकिर और साहिल शामिल हैं। इन्होंने आंध्र प्रदेश की एक महिला से 10.40 लाख रुपये और अहमदाबाद के एक युवक से तीन लाख रुपये ठगे थे। आरोपी पीतल की ईंट में असली सोने का टुकड़ा लगाकर नमूना दिखाते थे। पुलिस ने लोगों से ऐसे लालच में न आने की अपील की है। संवाद