हिसार। जम्मू और कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को ट्वीट कर 12 छात्रों की मदद करने की गुहार लगाई। मुफ्ती ने अपने ट्वीट में कहा कि यह हिसार में फंसे हुए हैं और होटल मैनेजमेंट ट्रेनी हैं। इन्हें मदद की जरूरत है। दुष्यंत चौटाला ने री ट्वीट करते हुए इनका कांटेक्ट नंबर देने की मांग की। उन्होंने ट्वीट में कहा कि इस संबंध में डीसी हिसार को मदद के लिए कहा गया है। इस बारे में डीसी हिसार ने नारनौंद के एसडीएम विकास यादव को तुरंत मौके पर जाकर हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस बारे में एसडीएम नारनौंद विकास यादव ने बताया कि यह सभी 12 युवक कैटरिंग का काम करते हैं और इनका कहना है कि मालिक पैसे नहीं दे रहा है। मामले की जांच की जा रही है।