रोहतक। इलेक्टिक वाहनों व लीथियम बैटरी उत्पादन के बाद रोहतक फूड प्रोसेसिंग एवं फूड प्रोडेक्ट हब के रूप में विकसित होगा। इसके लिए सरकार ने बजट में मेगा फूड पार्क स्थापित करने को हरी झंडी दे दी है। यह पार्क 50 एकड़ में विकसित किया जाएगा। इस पर करीब 180 करोड़ रुपये खर्च आने की उम्मीद है। हालांकि पिछले कुछ समय से मेगा फूड पार्क को लेकर काम जारी है। इसी कड़ी में 10 प्लाॅट अलॉट भी कर दिए गए हैं। साथ ही कुछ मल्टी स्टोरेज भवन भी बनाए गए हैं। अब पार्क विकसित करने को रफ्तार मिलेगी।
हरियाणा राज्य औद्योगिक और बुनियादी ढांचा विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) मेगा फूड पार्क विकसित करने को लेकर जुटा हुआ है। इसी कड़ी में आईएमटी में भूखंडों की बिक्री शुरू हो गई है। मेगा फूड पार्क में 450 से 4050 वर्ग मीटर तक के 80 भूखंड हैं। इसके अलावा 312 वर्ग मीटर के मल्टी स्टोरेज भवन भी हैं। इसके रिजर्व प्राइस 18500 रुपये तय हैं। सरकारी बोली में यह 27 हजार रुपये अधिकतम पहुंचे। पार्क में सभी फूड इंडस्ट्री आने से फूड प्रोसेसिंग का काम तेज होगा। इसमें छोटी-बड़ी सभी इकाइयां शामिल हैं। यहां फूड इडस्ट्री को स्टैंप ड्यूटी में छूट का लाभ मिलेगा।
व्यापक इकाइयों को जगह देगा फूड पार्क
मेगा फूड पार्क एनएच-10 पर आईएमटी रोहतक में बनाया जा रहा है। यह दिल्ली को रोहतक से जोड़ता है। फूड पार्क में निवेशक पशु चारा उद्योग, फल और सब्जी प्रसंस्करण, डेयरी और दूध प्रसंस्करण, अनाज और अनाज प्रसंस्करण, मांस और पोल्ट्री प्रसंस्करण, मसाला प्रसंस्करण, पेय उत्पादन, खाद्य तेल निष्कर्षण और शोधन, बेकरी, स्नैक फूड निर्माण, रेडी-टू-ईट (आरटीई) और रेडी-टू-कुक (आरटीसी) फूड्स, कैनिंग और प्रिजर्विंग, फूड इंग्रीडिएंट मैन्युफैक्चरिंग संबंधी व्यापक इकाइयां स्थापित कर सकते हैं।
फूड पार्क में निवेश के अनेक लाभ
मेगा फूड पार्क निवेश का बेहतर साधन बताया जा रहा है। अपनी इकाइयों के लिए सामान्य सुविधाएं बनाने में निवेश करने की आवश्यकता नहीं है। बहुउद्देश्यीय कोल्ड स्टोरेज 5000 मीट्रिक टन क्षमता, व्यक्तिगत त्वरित फ्रीजिंग (आईक्यूएफ) यूनिट 1.5 मीट्रिक टन घंटा, डीप फ्रीजर-1500 मीट्रिक टन, दो साइलोज- 2500 मीट्रिक टन और वेयरहाउस, खाद्य और गुणवत्ता परीक्षण प्रयोगशाला की सामान्य बुनियादी सुविधाओं यहां उपलब्ध हैं। इन सभी सुविधाओं को निवेशक मामूली किराये पर प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा, प्लग-एंड-प्ले सुविधा के रूप में विशेष रूप से एमएसएमई के लिए मेगा फूड पार्क में प्रत्येक 236.20 वर्ग मीटर की 24 मानक डिजाइन इकाइयों का निर्माण भी किया गया है।
यह है फूड प्रोसेसिंग
किसी भी प्रोडेक्ट को प्रोसेसिंग करके दूसरे रुप में उपभोक्ता तक पहुंचाने की प्रक्रिया है। जैसे फल अगर मार्केट में आता है। उसे जूस बना कर आगे भेजना। दूध अगर एकत्रित होता है तो उसके प्रोडेक्ट बनाना शामिल है।
वर्जन:
आईएमटी में मेगा फूड पार्क विकसित किया जा रहा है। यह 50 एकड़ में बनेगा। इसके तहत भूखंड दिए जा रहे हैं। उद्योग लगाने वालों को जरूरी सभी सुविधाएं यहां मुहैया होंगी। बजट में पार्क स्थापित करने का सरकार का प्रावधान इसे रफ्तार देगा।
कुलदीप कादयान, संपदा अधिकारी, एचएसआईआईडीसी।
-
हवाई पट्टी की तलाशी जाएगी संभावना
रोहतक। बजट में सरकार ने रोहतक में हवाई पट्टी बनाने की तैयारी की है। इसके लिए संभावनाएं तलाशी जाएगी। जिला प्रशासन की मानें तो बजट में हुए प्रावधान के तहत इस बारे में पत्र जारी हाेने पर ही स्पष्ट निर्देश सामने आएंगे। इसके बाद उनके अनुरूप कार्य किया जाएगा। हवाई पट्टी का तोहफा रोहतक के विकास को कई गुना रफ्तार व चमक देगा। इससे आने वाले समय में हम दिल्ली व चंडीगढ़ दोनों के नजदीक आ जाएंगे। यहां से वहां तक आना-जाना सरल होगा। इसके अलावा हेली पैड को लेकर भी प्रावधान किया गया है। बजट में हुए इस प्रावधान से आने वाले समय में वीआईपी का आगमन या आपात स्थिति से निपटने में आसानी होगी। हेली पैड की सुविधा से हेलीकॉप्टर का उतरा आसान होगा। ब्यूरो