हरियाणा के रोहतक में महम उपमंडल के गांव फरमाना में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
पुलिस ने मृतका के पति समेत ससुराल के चार सदस्यों के खिलाफ दहेज हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
मायके वालों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता के पति ने अपने परिजनों के साथ मिलकर उसे जबरन जहर खिलाया है।
पुलिस के अनुसार गांव फरमाना निवासी अनिता पत्नी मंजीत को परिजनों ने अचेत हालत में पीजीआई में भर्ती कराया, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
सूचना मिलने पर महम पुलिस पीजीआई पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि जहरीला पदार्थ खाने की वजह से अनीता की मौत हुई है।
पुलिस ने शव का विसरा जांच के लिए मधुबन भेज दिया है। पुलिस द्वारा सूचना मिलने पर लाखनमाजरा से मृतका के मायके वाले पीजीआई पहुंचे।
मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर अनीता के ससुराल वालों ने उसे जबरन जहर खिलाया है।
पुलिस ने मृतका के पिता के बयान पर उसके पति मंजीत सिंह, सास कृष्णा, ननद सोनिया और रेखा के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी घर से फरार हैं।