रोहतक। मकड़ौली के संदीप हत्याकांड को यूपी की युवती के साथ संबंधों के शक में अंजाम दिया गया था। हत्या के आरोप में पुलिस ने पानीपत के गांव आटा निवासी दीपक उर्फ कुक्कू व सोनीपत के गांव भैंसवाल निवासी अमित उर्फ नीटू को अदालत में पेश कर मंगलवार को पांच दिन के रिमांड पर लिया है। दीपक पानीपत, जबकि अमित हिसार जेल में बंद था।
सीआईए द्वितीय प्रभारी आजाद नैन ने बताया कि मकड़ौली कलां निवासी बलवंती देवी ने 28 अगस्त 2020 को सदर थाने में शिकायत दी थी कि उसका बेटा संदीप 16 अगस्त 2020 को घर से खरखौदा गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। जांच में सामने आया कि संदीप हत्या कर शव उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के दादरी के पास हत्या कर दी गई है। उसका शव भी वहीं पर मिला। पुलिस ने केस में हत्या की धाराएं जोड़कर सोनीपत के भैंसवाल कलां के युवक नवीन उर्फ छोटा काे गिरफ्तार किया।
नवीन को उसकी प्रेमिका के साथ मिलकर रास्ते से हटाना चाहता था संदीप
पुलिस के मुताबिक नवीन ने खुलासा किया था कि उसकी यूपी की युवती से दोस्ती हो गई थी। कुछ समय बाद संदीप की दोस्ती भी उसी युवती से फेसबुक पर हो गई। संदीप ने युवती के साथ मिलकर नवीन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। योजना के तहत युवती ने फोन करके नवीन को रोहतक में बुला लिया। नवीन ने अपने किसी साथी को युवती को लेने भेज दिया, लेकिन उसे पता लग गया कि संदीप उसे रास्ते से हटाना चाहता है। योजना के तहत नवीन ने युवती से कहा कि वह संदीप को खरखौदा बुलाया। संदीप खरखौदा में केएमपी हाईवे के पास पहुंचा। जहां पर नवीन व उसके साथी संदीप को अपने साथ ले गए। नवीन ने अपने साथी विकाश उर्फ विक्की व अन्य के साथ मिलकर संदीप को दादरी में नहर के पास पानी में डुबाकर हत्या कर दी। इस वारदात में दीपक उर्फ कुक्कू व अमित उर्फ नीटू का नाम भी सामने आया था। अब पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।