हरियाणा के रोहतक जिले के चौधरी बंसीलाल क्रिकेट स्टेडियम लाहली में रविवार को असम व महाराष्ट्र के बीच चल रहा चार दिवसीय रणजी मैच संपन्न हो गया। महाराष्ट्र की टीम ने असम को पारी व सात रनों से हरा कर जीत दर्ज की। मैच के आखिरी दिन असम की दूसरी पारी महज 160 रनों पर सिमट गई। महाराष्ट्र ने पहली पारी में 415 रन बनाए थे। असम की टीम पहली पारी में 248 सिमट गई थी, उसे फॉलोऑन करना पड़ा था।
विज्ञापन
रविवार सुबह असम की टीम तीन विकेट खोकर बनाए 82 रनों से आगे खेलने मैदान पर उतरी। टीम के बल्लेबाजों ने स्कोर किसी तरह 144 पर पहुंचाया। इसी दौरान महाराष्ट्र के गेंदबाजों ने चौथा व पांचवां विकेट गिरा दिए। इसके बाद नए बल्लेबाज पांच रन ही जुटा पाए। महाराष्ट्र के फिरकी गेंदबाज सत्यजीत बाचव का जादू चला और छठा व सातवां विकेट 149 के स्कोर पर ढह गए।
दोपहर भोजन के बाद मैदान पर उतरी असम की टीम ज्यादा देर नहीं रुक पाई। बड़ी मुश्किल से 160 का स्कोर बना कर शेष तीन खिलाड़ी पवेलियन लौट गए। इन तीनों को फिरकी गेंदबाज सत्यजीत बाचव ने अपना शिकार बनाया। मैच में असम की दूसरी पारी में सत्यजीत बाचव ने सात, मनोज इंगल ने दो व दिवयांग हिंगांकर ने एक विकेट झटका।
जबकि पहली पारी में मुकेश चौधरी ने एक, आश्य पालकर व मनोज इंगल ने दो-दो, सत्यजीत बाचव ने चार विकेट लिए थे। पूरे मैच में सबसे अधिक 11 विकेट सत्यजीत बाचव ने झटके। महाराष्ट्र की ओर से 219 रनों का शानदार स्कोर खड़ा करने वाला खिलाड़ी पवन शाह रहे। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। यह उनका रणजी में पहला दोहरा शतक था।