सांपला। इलाके में कहीं बूंदाबांदी तो कहीं सूखा रहा। बूंदाबांदी के साथ कई गांवों में हल्की ओलावृष्टि भी हुई। ओलावृष्टि ने कुछ देर के लिए किसानों की चिंता बढ़ा दी। मौसम विभाग ने अगले दो दिन बादल छाए रहने की संभावना जताई है।
शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे के बाद बादल छा गए और काली घटा के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। किसानों का कहना कि गेहूं की फसल पक कर तैयार हो चुकी है। अगले हफ्ते में कटाई शुरू की जाएगी। अगर मौसम बिगड़ता है तो उनको काफी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। वहीं अनाजमंडी में खुले आसमान के नीचे पड़ी सरसों बारिश में भीग गई, लेकिन अधिकतर आढ़तियों ने उन्हें सुरक्षित रख लिया। मार्केट कमेटी सचिव दीपक कुमार ने बताया कि 2 दिन के अंदर करीब 4500 क्विंटल सरसों खरीद हो चुकी है और खरीद लगातार जारी है। संवाद