रोहतक। जिले में नशा आम लोगों की जिंदगी ले रहा है। पुलिस सख्ती के बावजूद नशा तस्करों का नेटवर्क नहीं टूट रहा है। नशे के चलते दो महिलाओं की हत्या हो चुकी है, जबकि महिला पहलवान के पति और एसआई तक की जान नशे की ओवरडोज से जा चुकी है। स्मैक, सुल्फा, गांजा और हेरोइन के साथ ई-सिगरेट भी नशे के लिए मिल रही है।
मां ने आधी रात को नशे के लिए पैसे नहीं दिए तो कर दी हत्या
पुलिस रिकाॅर्ड के मुताबिक, 16 जनवरी की सुबह उत्तम विहार में एक महिला सुनीता का शव मिला था, जो अपने बेटे अश्वनी के साथ रहती थी। एक बेटा भिवानी परिवार सहित रहता था। भिवानी में रह रहे बेटे ने कॉल की तो मां का नंबर नहीं लगा। पड़ोसी ने पूछने पर बताया कि मां का गला कटा हुआ है। परिजन मौके पर आए तो अश्विनी नहीं मिला। पुलिस ने जब अश्वनी को गिरफ्तार किया तो उसने खुलासा किया कि वह नशे के लिए पैसे मांग रहा था। मां ने मना कर दिया, इसलिए हत्या कर दी।
रुपये नहीं दिए तो मां के सिर और चेहरे को तवे से किया लहूलुहान
नवंबर 2023 में आजादगढ़ में 65 साल की बुजुर्ग महिला किराये पर रहती थी। उसका बेटा संजय भी साथ रह रहा था। पुलिस को सूचना मिली कि अमृत कॉलोनी हाल निवासी आजादगढ़ करीब 65 वर्षीय कांता देवी की हत्या हो गई है। महिला का शव घर में खून से लथपथ पड़ा है। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की। महिला के सिर व गले पर चोट के निशान मिले। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए पीजीआईएमएस के शवगृह में भिजवाया। यहां पोस्टमार्टम में सिर व गले पर तवे का एक-एक वार किए जाने की पुष्टि हुई। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि वृद्धा का छोटा बेटा संजय नशे का आदी है। वह नशे के लिए अक्सर अपनी मां से रुपये मांगता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया तो उसने नशे के लिए मां की हत्या करना स्वीकार किया।
एसआई ने भी तोड़ा था नशे की वजह से दम
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, भिवानी जिले के गांव पाजू निवासी सत्यदेव शर्मा ने जुलाई 2021 में शिकायत दी थी कि उसका बेटा संदीप सब इंस्पेक्टर के तौर पर रोहतक के पुरानी सब्जी मंडी थाने में तैनात है। 23 जुलाई को संदीप की मौत की सूचना आ गई। उसे पता चला है कि उसके बेटे को खाने के साथ नशीला पदार्थ दे दिया, जबकि संदीप नशा नहीं करता था। उसे निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में सब्जी मंडी थाने के मुंशी सहित पांच के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया था। अभी केस अदालत में विचाराधीन है।
रैनकपुरा में मिला था युवक का शव, दंपती पर नशे की ओवरडोज देकर काम कराने का था आरोप
5 फरवरी को भालौठ गांव के युवक मंजीत ने सिटी थाने में केस दर्ज कराया था कि उसका दोस्त अरुण नशे का आदी है। रात 9 बजे वह उसे ढूढ़ने के लिए खोखराकोट के रैनकपुरा इलाके में पहुंचा। यहां अरुण एक रिको नाम की महिला के पास नशा खरीदने आता था। अरुण तो नहीं मिला, लेकिन दंपती के घर काम कर रहे 25 वर्षीय युवक का शव पड़ा दिखा। पैरों के पंजे और हाथ को कुत्ते नोच रहे थे। आरोप लगा था महिला व उसके परिजन युवक को नशा देकर घर का काम करवा रहे थे। नशे की वजह से उसकी मौत हुई है। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया था।
महिला पहलवान के पति की हुई थी मौत
अगस्त 2022 में गढ़ी बोहर के एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसका बड़ा बेटा सीआईएसएफ में नौकरी करता था, साथ ही मेहर सिंह अखाड़े में अभ्यास करता था। दिल्ली में नौकरी के चलते 27 अगस्त को शाम 6 बजे फोन आया कि अजय को निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। वह छोटे बेटे विजय के साथ पहुंचा। डॉक्टरों ने अजय को मृत घोषित कर रखा था। पता चला कि युवक को उसके साथियों ने नशीले पदार्थ की ओवरडोज दी है। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया था।
सख्ती के बावजूद पुलिस नशे का नेटवर्क नहीं तोड़ पा रही है। पुलिस ने नशा तस्करी के तीन आरोपियों के मकान भी तोड़े, एक आरोपी की प्रॉपर्टी भी कुर्क की। इसके बावजूद नशे का कारोबार नहीं थम रहा है। शहर में खोखराकोट, करतापुरा, कच्ची गढ़ी मोहल्ला व आसपास के एरिया को नशे के कारोबार का गढ़ माना जाता है। महिलाएं तक नशा बेचने के आरोप में गिरफ्तार हो रही हैं।