रोहतक। होडल प्रकरण में कार्रवाई न होने के विरोध में जिला बार एसोसिएशन में शुक्रवार को भी वकील कार्य का बहिष्कार करेंगे। हर शनिवार को काम न होने की पहली ही घोषणा हो चुकी है और रविवार को छुट्टी रहती है। ऐसे में सोमवार को ही अदालत में कामकाज सामान्य तरीके से हो सकेगा।
हरियाणा बार एसोसिएशन और रोहतक बार एसोसिएशन के प्रधान अरविंद श्योराण ने बताया कि 10 दिन पहले होडल बार के प्रधान के साथ कुछ लोगों ने झगड़ा व मारपीट की। पुलिस ने मामले में केस तो दर्ज कर लिया, लेकिन आरोपियों को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया है। ऐसे में वीरवार को वकीलों ने पूरे हरियाणा में कार्य का बहिष्कार किया। शाम तक जब आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए तो शुक्रवार को भी काम न करने का निर्णय लिया गया है।