महम। चार साल पहले मर चुके इंसान को जिंदा दिखाकर जमीन बेचने का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस ने 3 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
डीएलएफ काॅलोनी (रोहतक) निवासी रामअवतार गुप्ता ने महम तहसील में 30 मई को शिकायत दी थी। रामअवतार ने तत्कालीन तहसीलदार को बताया था कि मदीना निवासी ज्ञानी राम का 12 अप्रैल 2020 को निधन हो चुका है। आरोप है कि मदीना के ही संदीप ने 19 अप्रैल 2024 को ज्ञानी राम के स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को खड़ा कर जमीन खरीद ली। इस दौरान जयदीप पंच ने ज्ञानीराम व सुनील ने संदीप की तस्दीक कर धोखाधड़ी की।
मामला संज्ञान में आने के बाद तत्कालीन तहसीलदार अजीत कलकल ने गलत तरीके से जमीन रजिस्ट्री कराने के आरोप में पुलिस को केस दर्ज करने के निर्देश दिए थे। शिकायत पर जांच के बाद पुलिस ने मदीना कोरसान निवासी संदीप, जयदीप व सुनील के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।