महिला थाने में नियुक्त कांस्टेबल नवीन कुमारी का बाइक सवार युवक पर्स छीनकर फरार हो गया। वारदात रविवार रात करीब साढे़ सात बजे की है। बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक सवार युवक ने वारदात को अंजाम दिया। महिला कांस्टेबल अपनी ननद के साथ सोनीपत रोड पर स्कूटी पर किसी काम से आई थी, तब यह वारदात हुई। कांस्टेबल स्कूटी चला रही थी और उसकी ननद के हाथ में पर्स था। कांस्टेबल ने करीब 200 मीटर तक आरोपी का पीछा किया, लेकिन वो उसे पकड़ने में सफल नहीं हो पाई। मामले के बारे में पुलिस को सूचित किया। थाना सिविल लाइन पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फौजी कॉलोनी निवासी नवीन कुमारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार रात करीब साढ़े सात बजे वह अपनी ननद लक्ष्मी के साथ स्कूटी पर सवार होकर किसी काम से सोनीपत रोड पर आई हुई थी। जब वे मारुति के शोरूम के पास पहुंची तो पीछे से एक बाइक सवार युवक आया और उसकी ननद के हाथ से पर्स छीनकर फरार हो गया। पर्स में 2 मोबाइल फोन, 4 हजार रुपयों की नकदी और अन्य जरूरी कागजात थे।