रोहतक। अस्थल बोहर गांव में जमीन के सौदे में कमीशन को लेकर हुए झगड़े में कार सवार युवकों ने स्कूटी सवार युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया। उसे पीजीआई में दाखिल करवाया गया। इस संबंध में आईएमटी थाने में केस दर्ज किया गया है।
अस्थल बोहर निवासी सुमित ने बताया कि शनिवार को करीब साढ़े 10 बजे घर से स्कूटी पर माजरा गांव जा रहा था। पीछे से सफेद रंग की कार आई और रास्ता रोक लिया। कार से गांव का युवक रवि नीचे उतरा और गालियां देनी शुरू कर दी। उसके साथ जमीन का सौदा होने पर कमीशन न देने पर विवाद चला हुआ है। उसने आवाज देकर अपने साथी दीपक को बुला लिया। उसने आते ही डंडे से उसके पैरों पर मारना शुरू कर दिया। वह बचने के लिए भागने लगा तो रवि ने चाकू निकाल लिया और उसके ऊपर वार किया। चाकू के वार से बचने के लिए उसने हाथ आगे किया तो चाकू उसके हाथ को चीरते हुए निकल गया। आरोपी मौके से फरार हो गए।