रोहतक। सैनिक कॉलोनी में बाजार से पैदल घर आ रही युवती पर पीछे से एक बाइक सवार युवक ने चाकू से हमला कर दिया। विरोध करने पर बाजू पर दूसरा वार करके फरार हो गए। इस संबंध में सिटी थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक 20 वर्षीय युवती ने दी शिकायत में बताया कि वह सैनिक कॉलोनी में बहन के साथ किराए पर रहती है। आठ जनवरी की रात करीब आठ बजे बाजार से पैदल ही घर लौट रही थी। जब चावला फैक्टरी के पीछे पहुंची तो पीछे से बाइक पर एक युवक आया और उसके साथ मारपीट करने लगा। विरोध करने पर कमर में चाकू मार दिया। उसने शोर मचा दिया, इसके बाद आरोपी हाथ पर चाकू मारकर फरार हो गया। साथ ही उसका मोबाइल व पर्स गिर गया। पर्स में 2100 रुपये की नकदी थी। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देशराज ने बताया कि जांच में सामने आ रहा है कि आरोपी शराब के नशे में था, जिसके चलते यह वारदात की है। जल्द आरोपी को दबोच लिया जाएगा।