संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। रक्षाबंधन पर्व पर जमकर होने वाली पतंगबाजी की वजह से शहर के पतंग बाजारों में रौनक रही। बाजार में स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन पर्व पर पतंगों की खूब मांग रहती है। इसकी सप्लाई दिल्ली के सदर बाजार से हो रही है। बाजार में कई वैरायटी की पतंगे आई हुई हैं। रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर बाजार में पतंगों की खूब बिक्री हुई। शहर के मेन बाजार में पतंगों की दुकानों पर चहल-पहल रही। बहादुरगढ़ शहर में रक्षा बंधन, 15 अगस्त पर जमकर पतंगबाजी होती है। मेन बाजार में पतंग विक्रेता राजू ने बताया कि अब पतंगों का बाजार कम हो रहा है। हर बार तीज से लेकर 15 अगस्त या रक्षाबंधन तक पतंग बिकती हैं। वे चाइनीज मांझा से परहेज करते हैं और लोगों को कॉटन मांझा देते हैं। सरकार की ओर से चाइनीज मांझा बेचने पर रोक लगाई गई है। उन्होंने बताया कि इस बार बाजार में तिरंगा, भूतनाथ, गुड़ा के अलावा अन्य कई तरह की पतंग आई हैं। पतंगों की कीमत 5 से 50 रुपये तक है। ज्यादातर लोग 5 से 15 रुपये की पतंग खरीद रहे हैं।