बैडमिंटन में पदक विजेता उन्नति हुड्डा को सम्मानित करते अतिथि।
‘खेलो हरियाणा गेम्स’ में रोहतक की उन्नति हुड्डा ने बैडमिंटन व सुहाना सैनी ने टेबल टेनिस में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। तीन दिन से चल रहे खेलो हरियाणा गेम्स के आखिरी दिन रविवार को करनाल में टेबल टेनिस व अंबाला में बैडमिंटन के फाइनल मुकाबले खेले गए। दोनों खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से घर में खुशी का माहौल है। रोहतक की 13 वर्षीय उन्नति हुड्डा ने झज्जर की मुस्कान सांगवान को 21-19, 21-16 के स्कोर से हराया। उन्नति हुड्डा रोहतक के छोटूराम बैडमिंटन सेंटर में अभ्यास करती हैं। बैडमिंटन कोच परवेश कुमार ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि पिछले कुछ सालों में उन्नति ने जिले से लेकर नेशनल तक की प्रतियोगिता जीती है। उन्नति आठ साल की उम्र से बैडमिंटन खेल रही है और अपनी मेहनत और ट्रेनिंग के दम पर बड़े-बड़े खिताब जीत रही हैं।