हरियाणा के रोहतक में महम चौबीसी सर्वखाप पंचायत के आह्वान पर बृजभूषण प्रकरण को लेकर महम में हरियाणा की विभिन्न खाप पंचायतों की शनिवार को बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता महम चौबीसी के प्रधान मेहर सिंह नंबरदार ने की। प्रधान के कार्यालय में आयोजित बैठक में लगभग 65 खाप प्रतिनिधि सहित अन्य लोगों ने भाग लिया।
पंचायत में दिल्ली में धरनारत खिलाड़ियों का समर्थन करने का निर्णय लेते हुए रविवार को जंतर-मंतर पर पहुंचने का फैसला लिया गया। वहीं आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने के लिए 31 सदस्यीय कमेटी का गठन भी किया गया।
बैठक में सुरेश कोथ सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि हमारी बेटियों को बाल पकड़ कर खींचा जा रहा है। प्रधानमंत्री ने इन बेटियों को अपने परिवार की बेटियां बताया था। उसके बावजूद भी उनको न्याय नहीं दिया जा रहा। खापों के प्रतिनिधि जंतर-मंतर पर पहुंचकर धरनारत खिलाड़ियों के हकों की आवाज को बुलंद करेंगे।
जिन बेटियों ने देश का मान बढ़ाया उनकी बात को सुना जाना चाहिए। महम चौबीसी सर्वखाप पंचायत के मुख्य सचिव रामफल राठी ने कहा कि महिला पहलवानों के समर्थन में खापों के साथ किसान और सामाजिक संगठन एकजुट हैं। एक फैसला पंचायत ने अलग से लिया है जिसका खुलासा जंतर-मंतर पर पहुंच कर किया जाएगा।
यह बेटियों के मान सम्मान की बात है...
खाप प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि फेडरेशन के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह महिला खिलाड़ियों के साथ मनमानी करते हैं। कहा कि एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड जीतने वाली विनेश फोगाट, कुश्ती खिलाड़ी साक्षी मलिक व अन्य महिला खिलाड़ियों ने फेडरेशन अध्यक्ष पर संगीन आरोप लगाए हैं उसके बावजूद भी उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
खाप प्रतिनिधियों ने चेताया कि सरकार खिलाड़ियों की मांगों को मानते हुए ब्रजभूषण को तुरंत गिरफ्तार करे, अन्यथा खापों के कठोर फैसले का सामना करने के लिए तैयार रहे। यह बेटियों के मान सम्मान की बात है और इनके सम्मान की लड़ाई में पंचायत किसी भी हद तक जा सकती है।
इस दौरान मा.रामफल राठी, कृष्ण बडाली, सैमाण तपा प्रधान हुकम सिंह, मोखरा तपा प्रधान रामकिशन मलिक, निंदाना तपा प्रधान सरजू राठी, बलवान नंबरदार लाखनमाजरा, मुंढाल तपा से दयानंद, बहलबा तपा से बलजीत राठी, महम तपा से महाबीर सिंह व संदीप नहरा के अलावा कंडेला खाप, धनखड़ खाप, फौगाट खाप, सांगवान खाप, हुड्डा खाप, सतरोल खाप, कादयान खाप, दहिया खाप, पंचगामा, अठगामा बहुअकबरपुर, सतगामा, डाडन खाप,राखी बारहा, जाटू खाप, नहरा खाप, सिवाच खाप, सतगामा खाप, कुंडू खाप, सहित विभिन्न खापों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।