रोहतक। बहुप्रतीक्षित कच्चा बेरी रोड एलिवेटेड रेलवे क्रॉसिंग फ्लाईओवर के कार्य को जल्द पूरा करने के लिए वीरवार मुख्यालय में ट्रेनों की समय सारणी को लेकर विचार विमर्श किया गया। इसके लिए जल्द ही मुख्यालय की ओर से ब्लाॅक ट्रेनों की समय सारिणी जारी कर दी जाएगी। इसके बाद रेल यातायात को रोककर संपूर्ण तरीके से बोस्टिक स्टील ब्रिज स्थापित कर दिया जाएगा।
रेलवे सुबह छह से 11 बजे चलने वाली पैसेंजर व एक्सप्रेस ट्रेन के आवागमन के बाद ही प्रोजेक्ट पर कार्य करेगा। निर्माण कार्य के लिए 300 टन की क्रेन पहले ही आ चुकी है और 250 टन की क्रेन दो दिन बाद सोनीपत साइट से रोहतक पहुंच जाएगी। क्रेन के साथ-साथ 25 लेबर पहले ही रोहतक रेलवे स्टेशन पर आ चुकी है। गार्डर भी आ चुके हैं। अब जैसे ही रेलवे ब्लाॅक देगा, प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो जाएगा।
जनवरी 2019 में फ्लाईओवर का शिलान्यास किया गया था और इसे मार्च 2021 तक पूरा होना था। लेकिन रेलवे की ढिलाई के चलते यह अधर में लटका रहा। अब इसके निर्माण होने से रोजाना हजारों शहरवासियों को लाभ मिलेगा। खासतौर पर रेलवे स्टेशन की ओर से नई सब्जी मंडी जाने के लिए रास्ता छोटा हो जाएगा। इसके अलावा आंबेडकर चौक, हिसार रोड, भिवानी रोड की ओर से आने वाले वाहन चंद मिनटों में नई अनाजमंडी, सुनारिया चौक पहुंच जाएंगे। वर्तमान में बाइपास से लंबा चक्कर लगाकर वाहनों को जाना पड़ता है।
पीडब्ल्यूडी की ओर से दोनों एलिवेटेड रोड का निर्माण पूरा
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से दोनों ओर एलिवेटेड रोड का निर्माण पूरा हो चुका है। इनके दोनों ओर के पिलरों को ही जोड़ना बाकी है। रेलवे की ओर से यहां स्टील बोस्टिक ब्रिज स्थापित करना है। रेलवे जैसे ही ब्लाॅक देगा काम शुरू हो जाएगा। जैसे ही मंजूरी मिलती है गाटर रखने का काम शुरू किया जाएगा साथ-साथ 22 ब्लाॅक लगा दिए जाएंगे।
रेलवे की तरफ से ड्राइंग का अब कोई भी मसला नहीं है। ड्राइंग तो पहले ही भिजवा दी गई है। फिलहाल मामला ब्लाॅकेज का बचा है। इसके लिए बात चल रही है। जल्द ही निर्माण कार्य तेज गति से आगे बढ़ेगा।
- चंद्रशेखर, उप मुख्य अभियंता, उत्तर रेलवे