रोहतक। पहरावर बाईपास पर होटल खाली कराने को लेकर हुए झगड़े में खरावड़ गांव के तीन-चार युवकों ने झज्जर जिले के गांव भंभेवा निवासी विजय को पीट कर घायल कर दिया। घायल को डीघल के सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया गया। शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक विजय ने बताया कि उसने दिल्ली-हिसार रोड पर पहरावर बाईपास के नजदीक पंडित ढाबे के पास कार्यालय खोल रखा है। दो मार्च को वह अपने कार्यालय में काम कर रहा था। तभी खरावड़ गांव निवासी राकेश तीन-चार युवकों के साथ आया और डंडे व राॅड मारी। साथ ही कार्यालय में तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं उसका फोन तक तोड़ दिया। आरोपी जाते हुए जान से मारने की धमकी देकर चले गए। युवक सतीश ने उसे डीघल के सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल के बयान पर केस दर्ज किया। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि आरोपी राकेश ने होटल किराए पर ले रखा है। उसे विजय खाली करवाना चाहता है। इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ है।