रोहतक। कारोर गैंगवार के चलते फौजी ढाबे पर 20 दिसंबर को अंधाधुंध फायरिंग के आरोप में सीआईए प्रथम ने छाजू गैंग के जतिन व उसके साथी टिटौली निवासी सोनू को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। मंगलवार को उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से 10 दिन के रिमांड पर लिया गया है। आरोपी दहशत फैलाने के इरादे से फायरिंग करने आए थे।
सीआईए प्रथम प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि 20 दिसंबर को सूचना मिली कि दिल्ली रोड स्थित फौजी ढाबे पर फायरिंग हुई है। पुलिस मौके पर पहुंची, जहां ढाबा मालिक कारोर निवासी जयकुंवार ने शिकायत दी कि उसने ढाबा किराये पर दे रखा है। शाम करीब साढ़े पांच बजे ढाबे का कैशियर नरसिंह काउंटर पर खड़ा हुआ था। उसी समय तीन युवक आए और ढाबे पर अंधाधुंध गोलियां चला दी। कैशियर ने काउंटर के पीछे छुपकर जान बचाई। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो पता चला कि फायरिंग छाजू गैंग के जतिन ने अपने साथी सोनू उर्फ भोलू निवासी टिटौली व एक युवक के साथ मिलकर की है। पुलिस ने कारोर गांव के युवक कपिल उर्फ छोटू को पहले गिरफ्तार कर लिया था। जबकि जतिन व सोनू दिवाली के दिन मोहित हत्याकांड में गिरफ्तारी के बाद न्यायिक हिरासत के चलते जेल में थे। अब उनको प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया गया है।
...
ढाबा मालिक के पिता की हो चुकी है हत्या
पुलिस के मुताबिक ढाबा मालिक जयकुंवार के पिता की 10 साल पहले हत्या हो चुकी है। उसमें आरोपी जतिन के पिता पूर्व सरपंच श्रीभगवान का नाम सामने आया था।