रोहतक। जाट काॅलेज अखाड़ा हत्याकांड की वीरवार को एएसजे डॉक्टर गगनगीत कौर की अदालत में सुनवाई हुई। अदालत में वारदात का मुख्य आरोपी अखाड़े का कोच सुखविंदर बचाव में कोई गवाह पेश नहीं कर सका। अब अदालत में सोमवार 5 फरवरी से दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू होगी, साथ ही दूसरे आरोपी मनोज को अदालत ने बचाव में और गवाह पेश करने की अनुमति दे दी है।
पीड़ित पक्ष के वकील जय हुड्डा ने बताया कि फरवरी 2021 में जाट कॉलेज अखाड़ा में छह व एक युवक को अखाड़े से बाहर गोली मारी गई थी। अखाड़े के मुख्य कोच मनोज मलिक, उनकी पत्नी साक्षी मलिक, मांडोठी निवासी कोच सतीश, मोखरा निवासी प्रदीप व यूपी के मथुरा की निवासी पहलवान पूजा तोमर की मौके पर ही मौत हो गई थी। मनोज के बेटे चार वर्षीय सरताज ने बाद में दम तोड़ दिया था। अखाड़े के बाहर गोली लगने से घायल हुए निडाना निवासी अमरजीत को गंभीर हालत में गुरुग्राम ले जाया गया था। यहां उनकी जान बच गई थी। तभी से जिला अदालत में केस की सुनवाई चल रही है। पीड़ित पक्ष की गवाही के बाद बचाव पक्ष की गवाई शुरू हुई थी। केस में आरोपी यूपी के मुजफ्फरनगर निवासी मनोज ने अदालत में अपने पक्ष में मेडिकल के कागजात पेश किए थेए जबकि वीरवार को मुख्य आरोपी मनोज की तरफ से गवाह पेश किए जाने थे, लेकिन कोई गवाह पेश नहीं हो सका।