साल्हावास। नोएडा शहर में 28 से 30 मार्च तक चली तीन दिवसीय कुश्ती प्रतियोगिता में कृष्ण अखाड़ा खानपुर खुर्द की दो बेटियों ने स्वर्ण पदक प्राप्त किए हैं। व्यायामशाला के संचालक कृष्ण पहलवान व कोच सज्जन मंदौला ने बताया कि नोएडा में हुई 15 वर्ष आयु वर्ग व जूनियर राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन भारतीय कुश्ती संघ के सौजन्य से किया गया। इस प्रतियोगिता में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करते हुए कृष्ण अखाड़ा खानपुर खुर्द की बेटी जन्नत गोरिया ने 40 किलो भार वर्ग में व नेहा सांगवान ने 59 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीते हैं। बेटियों के व्यायामशाला में पहुंचने पर पैरा ओलंपिक एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता हन्नी गोरिया के पिता समाजसेवी सुरेंद्र सिंह उर्फ बंटी नंबरदार ने नोटों की माला पहनकर बेटी पहलवानों का स्वागत किया। इस अवसर पर जीपीएल के राजीव राव, बनिता, एमएस भंडारी , खानपुर खुर्द के सरपंच कृष्ण कुमार ब्लॉक समिति सदस्य अमित गहलावत, पूर्व पार्षद मनोज गोरिया, गुरु कृष्ण पहलवान, सज्जन मंदौला मौजूद रहे।