रोहतक। डेढ़ साल पहले झज्जर रोड पर हुए जगदेव हत्याकांड में पुलिस की सीआईए टू कुख्यात गैंगस्टर नरेश उर्फ सेठी को लेकर रोहतक पहुंची। शुक्रवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। आरोप है कि नरेश उर्फ सेठी जगदेव हत्याकांड की साजिश में शामिल थे। उसने जेल से ही आरोपी आकाश के पास कॉल की थी।
सीआईए टू प्रभारी एसआई आजाद नैन ने बताया कि छह जनवरी 2022 को झज्जर जिले के गांव गोच्छी हाल शीतल नगर निवासी रोबिन ने शिकायत दी कि झज्जर रोड पर उसके भाई जगदेव ने भवन निर्माण सामग्री सप्लाई करने के लिए कार्यालय खोल रखा है। दोपहर करीब तीन बजे उसका भाई जगदेव कार्यालय में बैठा था। थोड़ी देर बाद हुक्का भरने के लिए खाली प्लाॅट में चला गया, जहां जनता काॅलोनी निवासी आकाश उर्फ गिट्टी ने अपने साथी पंकज उर्फ पंकु निवासी सुनारिया के साथ मिलकर जगदेव पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। जब तक वह बाहर आया, तब तक जगदेव की मौके पर ही मौत हो गई। इस संबंध में पुलिस सात आरोपियों आकाश उर्फ गिटी, प्रवीण उर्फ मेंडक, बंटी, मोहित, अजय, पंकज उर्फ पंकू व अमित उर्फ मीता को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। नरेश उर्फ सेठी की गिरफ्तारी के बाद एक आरोपी अभी फरार चल रहा है।
जेल में हुई दोस्ती, कॉल करके बोला- मैं अपने आप संभाल लूंगा
पुलिस के मुताबिक कुख्यात गैंगस्टर रहा है, उसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, डकैती, लूट, चोरी, स्नैचिंग सहित 34 केस दर्ज हैं। वह फिलहाल दिल्ली की मंडौली जेल में बंद है। मकोका लगा होने के कारण उसे अति सुरक्षित सेल में रखा जाता है। जांच में खुलासा हुआ है कि जगदेव के भाई रोबिन व लोकेश उर्फ गोगी की आपस में दोस्ती थी। लोकेश उर्फ गोगी आरोपी आकाश के भाई की हत्या के आरोप में नामजद रहा है। आरोपी आकाश को अपने भाई की हत्या की साजिश में जगदेव के भाई रोबिन पर शक था। आरोपी आकाश की नरेश उर्फ सेठी व दीपक के साथ जेल में दोस्ती हुई। आकाश अपने भाई की हत्या का बदला लेना चाहता था। उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर वारदात अंजाम दी। वारदात से पहले जेल से आरोपी नरेश उर्फ सेठी ने आकाश उर्फ गिट्टी को कॉल करके कहा था कि वह अपने आप संभाल लेगा। अब पुलिस आरोपी से वारदात में प्रयोग मोबाइल फोन बरामद करना चाहती है।