रोहतक। जेईई परीक्षा में शानदार परिणाम से प्रोत्साहन मिला है। अब जेईई एडवांस की तैयारी और जोश के साथ कर सकूंगा। यह कहना है जेईई मेंस परीक्षा में अच्छा 99.44 पर्सेंटाइल प्राप्त करने वाले मदीना निवासी अनुज का। अमर उजाला से हुई बातचीत में छात्र ने अपना संघर्ष साझा किया।
अनुज ने कहा कि जेईई मेंस की परीक्षा पास करना मेरा ही नहीं, मेरे परिवार का भी सपना था। वर्ष 2023 में 12वीं पास करने के बाद जेईई पास करने के लिए एक साल घर रह कर पढ़ाई की। पिछले साल कोचिंग लेनी शुरू की थी। रोज सुबह 6 बजे उठकर कोचिंग जाता था। रोजाना 3 घंटे घर से कोचिंग तक आने जाने में लगते थे। दिन में 13 घंटे पढ़ाई कर यह लक्ष्य हासिल किया है। माता-पिता ने किसी बात का दबाव नहीं दिया। हमेशा मुझे प्रोत्साहित किया। टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भविष्य संवारना है, इसलिए अभी मेहनत करनी होगी। सूबेदार रामकुमार ने बेटे की उपलब्धि पर प्रसन्नता जाहिर की है। सेना से सेवानिवृत्ति के बाद वे खेतीबाड़ी संभाल रहे हैं। कमलेश देवी ने भी बेटे की सफलता पर उसे सराहा। बड़ी बहन संजू व बड़े भाई अमित ने खुशी जाहिर की।
क्रिकेट का शौक है, मगर पिछले छह माह से क्रिकेट नहीं खेला : मिलन
रोहतक। जेईई परीक्षा अच्छे अंकों के साथ परीक्षा पास कर आईआईटी दिल्ली में प्रवेश लेना है। यहां कंप्यूटर साइंस कोर्स कर भविष्य संवारना है। यह कहना है हांसी निवासी हाल शहर के एक कोचिंग सेंटर के छात्र मिलन का। परीक्षा परिणाम आने के बाद मंगलवार देर शाम अमर उजाला से हुई बातचीत में छात्र ने अपना सपना साझा किया।
मिलन ने कहा कि कंप्यूटर साइंस में भविष्य संवारना है। पेशे से दुकानदार रवि भुझेजा ने कहा कि हमारा प्रयास है कि बेटा मिलन पढ़ लिखकर अपने पैरों पर खड़ा हो। इसके लिए आईआईटी दिल्ली में रहकर कुछ सीखे और अपना कंप्यूटर साइंस का काम शुरू करे। इस परीक्षा में उसने 99.79 पर्सेंटाइल अंक हासिल किए हैं। इससे उसका उत्साह जेईई एडवांस को लेकर और बढ़ा है। इसने अपना लक्ष्य हासिल करने के लिए दिन में सात घंटे पढ़ाई की। क्रिकेट का शौक है, मगर पिछले छह माह से क्रिकेट नहीं खेला है। सोशल मीडिया से पूरी तरह दूरी बनाई हुई है। भविष्य में भी यह इसी तरह मेहनत कर अच्छे अंक हासिल करे। इसी से उसका सपना पूरा होगा। ब्यूरो