रोहतक। उपायुक्त अजय कुमार ने वीरवार को संयुक्त आयुक्त विजय मलिक के साथ सफाई कार्यों की समीक्षा को लेकर बैठक की।
इसमें सफाई शाखा के अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे। इसमें संयुक्त आयुक्त विजय मलिक ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण-2023 का कार्य प्रगति पर है। इसलिए शहर में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रतिदिन सफाई कार्य के लिए निरीक्षण किया जाए। इसके साथ ही सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी स्थान पर कूड़े के ढेर न हों। बरसात के समय से पहले निगम क्षेत्र के सभी नालों की सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि जलभराव न हो। नगर निगम क्षेत्र में स्थित सामुदायिक व सार्वजनिक शौचालय की सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। बैठक में उप निगम आयुक्त जितेंद्र कुमार, कार्यकारी अभियंता मंदीप धनखड़, नगर अभियंता तरुण कुमार व सुनील शर्मा, क्षेत्रीय कराधान अधिकारी अशोक कुमार व अशोक दांगी, मुख्य सफाई निरीक्षक सुंदर सिंह व हर्ष चावला आदि उपस्थित रहे।
आमजन से की सहयोग की अपील
उपायुक्त ने आम जनता से अपील की है कि वह अपने घरों, दुकानों, संस्थानों व नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सरकारी कार्यालय, होटल, रेस्टोरेंट, अस्पताल, पेट्रोल पंप, शॉपिंग कांप्लेक्स आदि कूड़ा एकत्रित करने के लिए डस्टबीन रखें तथा कूड़े को इधर-उधर न फेंके तथा कूड़े को नगर निगम के कूड़ा उठान वाले वाहन को ही दे ताकि शहर में गंदगी न फैले व आपका अपना रोहतक शहर साफ, सुंदर दिखे।