33-नाला सफाई अभियान के निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद सुरेश किराड़ व आमजन से बातचीत करते नगर न
रोहतक। बरसाती पानी निकासी के लिए नगर निगम ने विशेष नाला सफाई अभियान चलाया है। मानसून के मद्देनजर यह अभियान चलाया गया है। निगम आयुक्त नरेंद्र कुमार ने बताया कि बरसात से पहले सभी प्रमुख नालों की सफाई को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी कड़ी में वीरवार को संयुक्त आयुक्त मनजीत कुमार ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे नाला सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान छोटूराम चौक, हिसार रोड, पालिका बाजार, गोकर्ण पार्क, कच्चा बेरी रोड, माता दरवाजा चौक, गोहाना रोड, राहड रोड सहित अन्य क्षेत्रों में चल रहे नाला सफाई कार्यों का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने सफाई कार्य की गुणवत्ता, नालों से निकाली जा रही सिल्ट यानी गाद, जल निकासी की स्थिति व सफाई कार्य में लगी टीमों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कहा कि नालों की सफाई केवल औपचारिकता न होकर पूरी गहराई एवं चौड़ाई तक प्रभावी ढंग से की जाए ताकि बरसात के समय पानी निकासी बिना किसी अवरोध के सुचारु रूप से हो सके। संवाद